राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma –

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों पर प्रशासन सख्त, 116 में 21 का मौके पर निस्तारण
हापुड़। जनपद हापुड़ की तीनों तहसीलों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों के समक्ष जिलेभर से कुल 116 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
धौलाना तहसील में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से संबंधित अधिकारियों ने 04 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।
जिलाधिकारी कविता मीना ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उसकी समस्या को शांतिपूर्वक सुनकर प्रभावी समाधान कराया जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में जांच की आवश्यकता है, उनमें अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करें और जांच के आधार पर समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस की शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जाती है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
धौलाना समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में गढ़मुक्तेश्वर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
वहीं हापुड़ तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां अधिकारियों के समक्ष 32 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
प्रशासन ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि समाधान दिवस केवल शिकायतें दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि हर फरियादी को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान दिलाना अधिकारियों की प्राथमिकता हो।

Also Read  हापुड़ में ईवीएम जांच पर डीएम की पैनी नज़र एफएफसी सैंटर का औचक निरीक्षण-सुरक्षा और पारदर्शिता के सख्त निर्देश