राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़/पिलखुवा
पिलखुवा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, वाहन चोर गिरफ्तार; चोरी की बाइक और अवैध चाकू बरामद
पिलखुवा। अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिलखुवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की घटना का अल्प समय में सफल अनावरण कर एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ अवैध चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार थाना पिलखुवा में दर्ज मु0अ0सं0 449/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित मोटरसाइकिल चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आनंद पुत्र रमलिया, निवासी ग्राम शाहपुर फगौता, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर UP37A1231 बरामद की, जो उक्त मुकदमे से संबंधित बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार का वर्जन
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चोरी के मामले में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध चाकू बरामद किया है। क्षेत्र में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक शिव शंकर शर्मा, उपनिरीक्षक अनुज पाराशर, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार तथा कांस्टेबल वकील अहमद शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं में लिप्त अपराधियों में खलबली मची हुई है।
