राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़/पिलखुवा
पिलखुवा पुलिस का बड़ा प्रहार, चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपी दबोचे, बाल अपचारी भी हिरासत में
हापुड़/पिलखुवा अपराध और चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान के नेतृत्व में पिलखुवा पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस की मुस्तैदी के चलते तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 14 लोहे की प्लेटें, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेंपो बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को चोरी की घटना से जुड़े आरोपियों के बारे में अहम सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की और समीर पुत्र इलियास, निवासी मोहल्ला अशोकनगर, केएमएस स्कूल के पास, पिलखुवा, उम्र करीब 24 वर्ष, शाहिद उर्फ मूसा पुत्र हबीब, निवासी मोहल्ला अशोकनगर, पिलखुवा, उम्र करीब 37 वर्ष तथा नकुल पुत्र कालू, निवासी ग्राम अमराला, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद, उम्र करीब 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ एक बाल अपचारी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा।
पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग माप की 14 लोहे की प्लेटें बरामद हुईं, जिन्हें चोरी की घटना से संबंधित बताया गया है। इसके अलावा शाहिद उर्फ मूसा के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ। घटना में इस्तेमाल किए गए टेंपो को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं अवैध चाकू बरामद होने पर शाहिद उर्फ मूसा के खिलाफ मु0अ0सं0 446/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। समीर के खिलाफ थाना पिलखुवा में मु0अ0सं0 445/2026, धारा 305(ए), 317(2), 3(5) बीएनएस दर्ज है। शाहिद उर्फ मूसा के खिलाफ इसी मुकदमे के अलावा आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं नकुल के खिलाफ भी थाना पिलखुवा में मु0अ0सं0 445/2026, धारा 305(ए), 317(2), 3(5) बीएनएस का मामला दर्ज है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि क्षेत्र में चोरी और आपराधिक गतिविधियों को लेकर पुलिस अब लगातार सख्त रुख अपना रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राहुल कुमार सिंह, नितेश कुमार, सुशील कुमार, हेड कांस्टेबल रुचिन मलिक, उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्रा, कांस्टेबल आशीष कुमार और कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
