राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
हापुड़ : जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय का किया त्रैमासिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
मतदाता सूची पुनरीक्षण, EVM-VVPAT वेयरहाउस, शिकायत निस्तारण और आगामी चुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा
हापुड़। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कविता मीना ने मंगलवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति, शिकायतों के निस्तारण, निर्वाचन अभिलेखों के रखरखाव तथा आगामी निर्वाचन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले EVM-VVPAT वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा और CCTV कैमरों की स्थिति, डबल लॉक सिस्टम, अग्निशमन यंत्र, थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था तथा लॉगबुक का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि EVM और VVPAT की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित SOP का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने आगामी FLC यानी प्रथम स्तरीय जांच को लेकर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि FLC से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय में रखी विभिन्न पत्रावलियों और निर्वाचन संबंधी अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची, निर्वाचन व्यय लेखा, निर्वाचन सामग्री तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रखरखाव की स्थिति देखी।
उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी अभिलेख अद्यतन और व्यवस्थित स्थिति में रखे जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर किसी भी अभिलेख को आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।जिलाधिकारी ने पुराने अभिलेखों के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अभिलेखों की निर्धारित अवधि पूरी हो चुकी है, उनकी नियमानुसार वीडिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही कार्यालय में रिकॉर्ड के रखरखाव और दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करते हुए निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखी जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में छोटी से छोटी व्यवस्था भी महत्वपूर्ण होती है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। आगामी निर्वाचन को देखते हुए सभी तैयारियों को समय से पूरा करने और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचन कार्यालय के समस्त पटल सहायक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
