राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
स्कूल जाती 12 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर धमकी
सिंभावली में छात्रा के पिता ने युवक के खिलाफ दी तहरीर, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर जताया आक्रोश
हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा सात में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा से रास्ते में छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर जान से मारने की कथित धमकी देने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता ने पड़ोस के गांव के एक युवक पर बेटी को स्कूल आते-जाते समय परेशान करने और रास्ते में हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद मामला गरमा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल कार्यकर्ता भी सिंभावली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती है। आरोप है कि पिछले दो दिनों से एक युवक स्कूल आते-जाते समय छात्रा को परेशान कर रहा था।
आरोप है कि युवक ने रास्ते में छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकत की। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे धमकाया और धर्म परिवर्तन कराने की बात कही।
छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पिता ने आरोपी से शिकायत की तो कथित तौर पर उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई। शनिवार को पिता अपनी बेटी के साथ स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी रास्ते में दिखाई दिया। पिता को देखकर आरोपी वहां से भाग निकला।
पीड़िता के पिता ने सिंभावली थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना स्तर पर मुकदमा दर्ज हो चुका है। उन्होंने बेटी की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
थाने पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता
मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी सिंभावली थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि नाबालिग छात्रा से जुड़े मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शनिवार शाम पांच बजे तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाने पर धरना दिया जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी
सिंभावली पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा और उसके परिजनों से मिली जानकारी के साथ ही लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि छात्रा के पिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
