राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
अधिवक्ता से अभद्रता के आरोप पर कोतवाली में हंगामा, कार्रवाई की मांग को लेकर लामबंद हुए वकील
ब्रजघाट टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान विवाद का आरोप, अधिवक्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
हापुड़। नेशनल हाईवे-09 स्थित ब्रजघाट टोल प्लाजा के पास देर रात एक अधिवक्ता से कथित अभद्रता का मामला शनिवार को तूल पकड़ गया। घटना से नाराज बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बार स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
अधिवक्ता अर्जुन शर्मा के अनुसार, वह देर रात मोटरसाइकिल से ब्रजघाट से अपने घर गढ़ लौट रहे थे। ब्रजघाट टोल के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। अर्जुन शर्मा का आरोप है कि उन्होंने अपना परिचय अधिवक्ता के रूप में दिया, इसके बावजूद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी एवं संबंधित उप निरीक्षक ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे और थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट से वार्ता की। मामले में संबंधित उप निरीक्षक को भी सामने बुलाया गया। बातचीत के दौरान पुलिस अधिकारी की कुछ बातों पर अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई, जिसके बाद कोतवाली परिसर में कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी। बाद में अधिवक्ता कोतवाली से बाहर निकल आए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कोतवाली से बाहर निकलने के बाद अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। अधिवक्ताओं का कहना था कि यदि किसी अधिवक्ता के साथ गलत व्यवहार हुआ है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर बार स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
मामले की जानकारी मिलने पर सीओ राहुल यादव ने बताया कि अधिवक्ता के साथ अभद्रता के लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्षता से जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
