राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

मौत, मुआवजा और फिर विवाद… अस्पताल के बाहर दोबारा सड़क पर उतरे परिजन

ढाई लाख रुपये मुआवजा देने के आश्वासन के बाद खत्म हुआ था प्रदर्शन, दो दिन बाद अस्पताल प्रबंधन पर वादे से मुकरने का आरो

पहापुड़। धौलाना। कपूरपुर थाना क्षेत्र के समाना गांव निवासी मरीज की उपचार के दौरान हुई मौत का मामला चौथे दिन भी शांत नहीं हो सका। मौत के बाद मुआवजे को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को उस समय फिर भड़क गया, जब मृतक के परिजन दोबारा अस्पताल के बाहर पहुंच गए।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल संचालक ने ढाई लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो दिन बाद रकम देने से इनकार कर दिया गया। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क पर जाम लग गया और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।जानकारी के अनुसार, समाना गांव निवासी मदन गिरी की चार दिन पहले एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई थी।

Also Read  मिठाई खराब या कार्रवाई में खेल हापुड़ में सूरी प्रकरण पर सवाल

परिजनों की मांग थी कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और उन्हें मुआवजा दिलाया जाए।मौत के बाद बृहस्पतिवार शाम मृतक के परिजनों ने अस्पताल के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया था। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों तथा अस्पताल प्रबंधन के बीच बातचीत कराई।परिजनों के मुताबिक, उस दौरान पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल संचालक करन कुमार ने ढाई लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया था। आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया था और मामला शांत हो गया था।

लेकिन परिजनों का आरोप है कि दो दिन बाद जब वह दोबारा अस्पताल पहुंचे और मुआवजे की रकम देने की बात कही तो अस्पताल संचालक अपने आश्वासन से पीछे हट गया।मुआवजा देने से कथित तौर पर इनकार की जानकारी मिलते ही परिजनों का गुस्सा फिर भड़क उठा। शनिवार को बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल के बाहर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर भीड़ बढ़ने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और जाम की स्थिति बन गई।

Also Read  न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप स्टे के बावजूद निजी जमीन में खुदाई से परतापुर अंडरपास पर गरमाया विवाद

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया और सड़क पर यातायात सुचारु कराया गया।

मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मरीज की मौत के मामले में यदि उपचार के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

साथ ही परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में दिए गए मुआवजे के आश्वासन को पूरा कराने की मांग भी की है।सीओ मनीष चंद्र ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।