राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
हापुड़ में सोना पेट्रोल पंप के पास NH-9 पर बड़ा हादसा, ट्रेलर ने कैंटर में मारी जोरदार टक्कर
हापुड़। जनपद हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह NH-9 पर सोना पेट्रोल पंप के पास अचानक हुए जोरदार सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे ट्रेलर ने कैंटर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और हादसे के बाद मौके पर वाहनों को हटाने की कवायद शुरू करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या HR 58 D 6352 मुरादाबाद की ओर से दिल्ली जाने वाले हाईवे पर जा रहा था। इसी दौरान सोना पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर की कैंटर संख्या UP 33 AT 9097 से टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन हाईवे पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े हो गए, जिसके चलते सड़क पर यातायात प्रभावित होने की आशंका बन गई।
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए टीम की ओर से प्राइवेट क्रेन भी मौके पर बुला ली गई, जिसके माध्यम से वाहनों को हटाने का काम कराया जा रहा है।हादसे के बाद कैंटर चालक मौके पर मौजूद नहीं मिला। हाईवे टीम द्वारा कैंटर चालक से फोन के माध्यम से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया जा रहा है।
हालांकि, सूचना दिए जाने तक चालक मौके पर नहीं पहुंचा था। चालक के मौके पर आने के बाद हादसे से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बनी। हाईवे टीम द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराने का प्रयास लगातार जारी है।
थाना प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि NH-9 पर सोना पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर और कैंटर की टक्कर की सूचना मिली थी। सूचना के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई जा रही है। कैंटर चालक को फोन के माध्यम से मौके पर बुलाया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। दुर्घटना किस परिस्थितियों में हुई और टक्कर का वास्तविक कारण क्या रहा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मौके से वाहनों को हटाने की कार्रवाई जारी है।
