राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
NH-334 पर तेज रफ्तार का कहर, बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल
कुराना टोल के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र में एनएच-334 पर कुराना टोल के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सिकंदराबाद से पेंट का काम करके बाइक से घर लौट रहे दो भाइयों की बाइक में पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।जानकारी के अनुसार थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव ब्रजनाथपुर निवासी शाहरुख और उनके चचेरे भाई तहसीन पेंटर का काम करते हैं। शनिवार को दोनों सिकंदराबाद में पेंट का काम करने गए थे। शाम करीब छह बजे काम समाप्त करने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव ब्रजनाथपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक एनएच-334 पर कुराना टोल के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।कार की टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।बताया गया कि हादसे के बाद कार चला रही महिला मौके से फरार हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे कार चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।हादसे की सूचना मिलते ही दोनों घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। दोनों का उपचार जारी है। हादसे के चलते मौके पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।सीओ हाफिजपुर मुनीश चंद्र ने बताया कि एनएच-334 पर हुए सड़क हादसे में दो युवक घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में अभी परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और कार चालक की तलाश की जा रही है।
