राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
रुपयों के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, श्यामपुर जट्ट कांड में वांछित आरोपी दबोचा; निशानदेही पर बलकटी बरामद
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव श्यामपुर जट्ट में रुपयों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि रोहित और दूसरे पक्ष के राजन की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ के हायर सेंटर भेजा गया।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल की गई बलकटी भी बरामद की है।बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे रोहित अपने काम से लौटकर घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद के चलते कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया और रोहित के साथ मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से भी वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।रोहित के साथ मारपीट की जानकारी मिलते ही उसके भाई मोहित और अभिषेक मौके पर पहुंचे। दोनों ने बीच-बचाव कर भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल बताए गए हैं।
घायलों में दूसरे पक्ष के राजन, नवीन, रवि, काजल और प्रियांशी के नाम भी सामने आए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर चोटों के चलते रोहित और राजन को मेरठ रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू की।
मुकदमा दर्ज होने के बाद बाबूगढ़ पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मामले में वांछित चल रहे प्रवीण को कनिया रोड स्थित गौशाला गेट के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई बलकटी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
