राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
पिलखुवा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज, विभु बंसल ने अधिकारियों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
हापुड़।पिलखुवा नगर पालिका परिषद कार्यालय में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर पालिका अध्यक्ष विभु बंसल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि अभियान के दौरान नगर क्षेत्र के पात्र लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए वार्ड स्तर तक जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
अभियान के तहत लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा पात्र लोगों को रोजगार, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, आवास, सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी कार्ययोजना तैयार की गई।पालिका अध्यक्ष विभु बंसल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद और पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों को भी आमजन तक पहुंचाने तथा लोगों को शासन की उपलब्धियों और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी देने पर चर्चा हुई। साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार की रणनीति पर भी मंथन किया गया।बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के निर्धारण और अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
