राष्ट्र संवाद टाइम्स : रियाज अहमद
यूजीसी के फैसले को वापस लेने की मांग पर पिलखुवा में प्रदर्शन, रामलीला मैदान के गेट पर जुटी भीड़, लगे स्वर्ण-ओबीसी एकता के नारे
हापुड़। जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर स्थित रामलीला मैदान के गेट पर यूजीसी को लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। यूजीसी के फैसले को वापस लेने की मांग को लेकर लोगों ने एकजुट होकर जोरदार विरोध जताया। इस दौरान ‘स्वर्ण-ओबीसी एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों के जुटने से मौके पर माहौल गरमाता नजर आया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर एकजुट होकर अपनी मांग के समर्थन में आवाज बुलंद करते दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी से जुड़े फैसले को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया और इसे वापस लेने की मांग की।
बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिसकर्मी प्रदर्शन स्थल और आसपास के क्षेत्र में लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नेशनल हाईवे-9 के नजदीक प्रदर्शन होने के कारण पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। फिलहाल रामलीला मैदान के गेट पर प्रदर्शनकारी मौजूद हैं और यूजीसी के फैसले को वापस लेने की मांग को लेकर विरोध जारी है।
