राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
रहम की गुहार… फिर भी नहीं रुकीं लातें, बहादुरगढ़ की दबंगई का वीडियो वायरल
हापुड़/बहादुरगढ़। जमीन पर गिरा युवक दर्द से कराहता रहा, हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता रहा और खुद को बचाने के लिए छटपटाता रहा, लेकिन हमलावर की बेरहमी कम नहीं हुई। युवक बार-बार उठने का प्रयास करता रहा, मगर आरोपी उसे संभलने तक का मौका नहीं देता और लगातार लातों से पीटता नजर आया।
जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पलवाड़ा में दबंगई का यह कथित वीडियो किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रही युवक की बेबसी और हमलावर की कथित बेरहमी ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है। वह खुद को बचाने का प्रयास करता और आरोपी से मारपीट बंद करने की गुहार लगाता नजर आता है। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसके साथ मारपीट करता रहता है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचते ही तेजी से प्रसारित होने लगा।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक ने किसी बात को लेकर व्यक्ति के साथ मारपीट की। हालांकि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई, दोनों के बीच पहले से कोई विवाद या रंजिश थी या नहीं और मारपीट की नौबत किन परिस्थितियों में आई, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह, मौके पर मौजूद लोगों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
थाना प्रभारी बहादुरगढ़ इंद्रकांत यादव का वर्जन: “सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा वीडियो की गहनता से जांच कर मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
