राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

जन आरोग्य मेलों में उमड़ी मरीजों की भीड़, 1026 किशोरियों का हुआ एचपीवी टीकाकरण
हापुड़। जिले में रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेलों में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इस दौरान सामान्य जांच और उपचार के साथ किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का टीका लगाया गया। जिलेभर में 1026 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने किशोरियों और उनके परिजनों को टीके के फायदे बताते हुए जागरूक भी किया।
मजीदपुरा स्थित जन आरोग्य मंदिर में 215 मरीज पहुंचे। इनमें खांसी और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। डेंगू की आशंका में 10 मरीजों के नमूने जांच के लिए लिए गए। मोती कॉलोनी के जन आरोग्य मंदिर में बुखार, चर्म रोग और पेट संबंधी संक्रमण से पीड़ित 143 मरीजों का उपचार किया गया।
भीमनगर स्थित जन आरोग्य मंदिर में 321 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाएं लीं। यहां गर्भवती महिलाओं की भी नियमित जांच की गई। जिलेभर के जन आरोग्य मेलों में कुल 1262 मरीजों का उपचार किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता ने किशोरियों और उनके परिजनों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी टीकाकरण की भूमिका समझाई। वहीं चिकित्सकों ने अभिभावकों की काउंसलिंग कर टीके को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया।
सीएमओ डॉ. किशोर आहूजा ने अभिभावकों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष से कम उम्र की पात्र बेटियों का टीकाकरण जरूर कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण कराने से सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में मदद मिलती है।

Also Read  किडनी मरीजों की मुश्किलें होंगी आसान हापुड़ जिला अस्पताल में विधायक ने किया डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन