राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma:
धौलाना विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की पहल, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
हापुड़। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के कपूरपुर गांव में गुरुवार सुबह युवाओं और बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रतियोगिता देखने पहुंचे और प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।प्रतियोगिता का आयोजन आशीष राणा की ओर से कराया गया।
इस दौरान अलग-अलग दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और जीत हासिल करने के लिए पूरे जोश के साथ प्रतिस्पर्धा की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी क्षमता दिखाने के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिला।प्रतियोगिता के समापन पर समाजवादी पार्टी के नेता प्रताप सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस दौरान विजेताओं को साइकिल, बैडमिंटन किट और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मान मिलने पर खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। आयोजन से जुड़े लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराती हैं।खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं का बढ़ता है आत्मविश्वाससमाजवादी पार्टी के नेता प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता है।
खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मुकाबला करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन और बेहतर अवसर मिलते रहें तो वे भविष्य में जिला, राज्य और देश के स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है, जिससे अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को आगे ले जा सकें। इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ गांवों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक साबित होते हैं।
बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसलादौड़ प्रतियोगिता के दौरान आकाश राणा, प्रशांत राणा, अमित, विजय, नवीन, सचिन, प्रवीण और शिवम समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार मिलने पर उनका हौसला बढ़ाया। आयोजन के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में खेल गतिविधियों को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।
