राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
हापुड़ पुलिस का त्वरित एक्शन, बदनौली मारपीट-फायरिंग मामले में पांच गिरफ्तार; असलहा-कार बरामद
जनपद हापुड़। थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के ग्राम बदनौली में मारपीट और फायरिंग की हाई प्रोफाइल घटना के बाद पुलिस ने अब ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा और कार भी बरामद की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।
बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट, पथराव और फायरिंग की घटना हुई थी। ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई और कई लोग घायल हुए। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हुई कार्रवाई
बदनौली की घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कार्रवाई की। सीओ नगर समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई। वहीं कोतवाली नगर प्रभारी को लाइन हाजिर, संबंधित चौकी प्रभारी और एक कांस्टेबल को निलंबित किए जाने की कार्रवाई हुई। घटना की पुनरावृत्ति के कारणों और पुलिस स्तर पर हुई संभावित चूक की जांच भी कराई गई।
पांच टीमें लगीं, अब आरोपियों पर शिकंजा
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार और अवैध असलहा बरामद किया है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और असलहे के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान का सख्त संदेश
कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने कहा कि बदनौली मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा और वाहन भी बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बदनौली की घटना के बाद पुलिस विभाग में हुई कार्रवाई और अब पांच आरोपियों की गिरफ्तारी से साफ है कि मामले को लेकर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई का शिकंजा और कस दिया है। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
