राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

जनपद हापुड़ में जनसेवा, सुरक्षा और अनुशासन पर फोकस, एएसपी ने किया गढ़मुक्तेश्वर थाने का वार्षिक निरीक्षण

हापुड़। जनपद के गढ़मुक्तेश्वर थाने का शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गार्द की सलामी ली और थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना, जनसेवा की गुणवत्ता बढ़ाना तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना रहा।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, फ्लाईशीट सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन समीक्षा की। उन्होंने रिकॉर्ड को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण तथा अभिलेखों के बेहतर संधारण के निर्देश दिए।इसके पश्चात कम्प्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों की शिकायतों के प्रभावी और शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।अपर पुलिस अधीक्षक ने बैरक, मैस, मालखाना, बंदीगृह और शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा मानकों, संसाधनों के रखरखाव और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

Also Read  हापुड़ बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, बीएसए दीपा भाटी ने 5 कर्मचारियों की बदली तैनाती

उन्होंने थाना परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उसका निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अपराध नियंत्रण, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई, बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।