राष्ट्र संवाद टाइम्स : riyaz ahmad
नालियां जाम और रास्ते बदहाल, देहरा के ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई समस्या के समाधान की गुहार
जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील क्षेत्र के गांव देहरा में बरसात के दौरान जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। गांव के मोहल्ला मिर्चियां में जर्जर नालियों के कारण बारिश का पानी और गंदा पानी रास्तों पर जमा हो जाता है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जो रोजाना इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से नालियों की स्थिति खराब होने के कारण पानी की निकासी ठीक ढंग से नहीं हो पा रही है। बरसात होते ही रास्तों पर काफी मात्रा में पानी भर जाता है और कई स्थानों पर कीचड़ की स्थिति बन जाती है। गंदे पानी के लगातार जमा रहने से ग्रामीणों में बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इस समस्या का सबसे अधिक सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या को लेकर समाजसेवी शहजाद चौधरी ने एसडीएम धौलाना कल्पना चौहान को शिकायत पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने जर्जर नालियों की मरम्मत कराने, जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने तथा खराब रास्तों को दुरुस्त कराने की मांग उठाई है।
शहजाद चौधरी ने बताया कि बरसात के मौसम में गांव की स्थिति और भी खराब हो जाती है। रास्तों पर गंदा पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है और स्कूली बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
वहीं एसडीएम धौलाना कल्पना चौहान ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने संबंधित टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही है। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही नालियों और रास्तों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नालियों की मरम्मत के साथ-साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि बरसात के दिनों में उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरने की मजबूरी न हो और गांव में बीमारी फैलने का खतरा भी कम किया जा सके।
