राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
जनपद हापुड़ में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग की ओर से 3.79 करोड़ रुपये की लागत से करीब तीन किलोमीटर सड़कों का नवनिर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही छिजारसी ड्रेन पर लघु सेतु का निर्माण भी कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। नवंबर के आसपास निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना के तहत 94.34 लाख रुपये की लागत से ग्राम मलकपुर से मुरादपुर तक एक किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। वहीं 2.09 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-09 पर सुखसागर मंडप से खेड़ा मार्ग का नवनिर्माण होगा। इस मार्ग पर छिजारसी ड्रेन के ऊपर लघु सेतु का निर्माण भी कराया जाएगा।इसके अलावा 75.66 लाख रुपये की लागत से एक किलोमीटर लंबे करनपुर जट्ट मार्ग से नटों की मढ़ैया तक मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।लंबे इंतजार के बाद बनेगा पुलछिजारसी ड्रेन पर लघु सेतु का निर्माण ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। ड्रेन पर सेतु की मांग लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। पुल बनने के बाद वाहनों का आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को आने-जाने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे आसपास के क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह का कहना है कि विभाग के प्रस्तावों को मुख्यालय से स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विभाग की ओर से करीब तीन किलोमीटर सड़क निर्माण के साथ छिजारसी ड्रेन पर लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। सड़क और पुल निर्माण की यह परियोजना ग्रामीण इलाकों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और मुख्य मार्गों तक आसान पहुंच का लाभ मिलेगा।
