राष्ट्र संवाद टाइम्स : riyaz ahmad :
नेशनल हाईवे-9 पर खून से सना सफर, पंक्चर ट्रक के पास खड़े चालक-कंडक्टर की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत
हापुड़-पिलखुवा। रात के अंधेरे में नेशनल हाईवे-9 के एलिवेटेड पुल पर एक दर्दनाक हादसे ने सफर को मातम में बदल दिया। सड़क किनारे पंक्चर ट्रक खड़ा था और चालक-कंडक्टर वाहन का टायर बदलने में जुटे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में घटनास्थल पर पुलिस व राहगीरों की भीड़ जुट गई।
घटना 10 सितंबर 2026 की रात पिलखुवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 एलिवेटेड पुल पर हापुड़ से गाजियाबाद जाने वाली लेन में रामलीला मैदान के सामने रेलवे पुल के पास हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या DL1LAJ3806 का टायर पंक्चर हो गया था। चालक जाबिर और कंडक्टर अरमान ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जाबिर पुत्र आलम, निवासी अतरासी कला, थाना रजबपुर, जनपद अमरोहा, उम्र करीब 25 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कंडक्टर अरमान पुत्र जीशान, उम्र करीब 22 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गया। भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बस अड्डा चौकी प्रभारी राहुल सिसोदिया पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायल अरमान को उपचार के लिए सीएचसी पिलखुवा भिजवाया। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को भी संभाला, जिससे हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चलता रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक और घायल का मौसेरा भाई इमरान भी मौके पर पहुंच गया। जाबिर की अचानक हुई मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। जवान युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार वालियान के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान ने कहा किxx हादसे के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही और यातायात भी सुचारू रूप से संचालित होता रहा। देर रात नेशनल हाईवे-9 पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
