राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma –

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

पिलखुवा में अवैध प्लाटिंग पर HPDA की बड़ी कार्रवाई
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में 40 हजार वर्गगज अवैध प्लाटिंग पर चला HPDA का बुलडोजर

हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (HPDA) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। करीब 40 हजार वर्गगज जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया। करोड़ों रुपये कीमत की जमीन पर चल रही प्लाटिंग के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राधिकरण की टीम को अवैध प्लाटिंग की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां प्लाटिंग से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद कई लोग वहां से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से प्लाटिंग के लिए बनाए गए रास्तों, चिन्हांकन और अन्य विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।

Also Read  जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में आयोजित ट्रायल में चमके खिलाड़ी 18 का मंडल स्तर के लिए चयन

बताया गया कि बड़े भू-भाग को छोटे-छोटे भूखंडों में विभाजित कर कॉलोनी के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही थी। इसके लिए मौके पर सड़क और अन्य विकास कार्य कराए जा रहे थे। प्राधिकरण की स्वीकृति और निर्धारित मानचित्र के बिना चल रही गतिविधियों को HPDA ने नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।

अवैध प्लाटिंग के खिलाफ HPDA पिछले कुछ समय से लगातार अभियान चला रहा है। प्राधिकरण की कार्रवाई से उन लोगों में भी बेचैनी बढ़ गई है जो बिना आवश्यक अनुमति के जमीन पर प्लाटिंग विकसित कर रहे हैं। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

HPDA के प्रभारी सचिव अमित कादियान पूर्व में अवैध प्लाटिंग को लेकर स्पष्ट कर चुके हैं कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लाटिंग और निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं HPDA के उपाध्यक्ष मुकेश चंद्रा भी अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त रुख अपना चुके हैं। प्राधिकरण की ओर से लगातार लोगों को भी सलाह दी जा रही है कि किसी भी प्लाट को खरीदने से पहले उसके स्वीकृत लेआउट और प्राधिकरण की अनुमति की जांच जरूर करें।
करीब 40 हजार वर्गगज जमीन पर हुई इस कार्रवाई को अवैध प्लाटिंग के खिलाफ HPDA की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद पिलखुवा क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों में खलबली मची हुई है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि बिना अनुमति जमीन को प्लाटिंग में बदलकर नियमों को दरकिनार करने वालों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।

Also Read  साहित्य की विरासत और संस्कृति की जड़ों से नई पीढ़ी को जोड़ने की तैयारी, खड़खड़ी महोत्सव–2026 का बजेगा बिगुल