राष्ट्र संवाद टाइम्स ajay verma :

जन्माष्टमी पर कृष्ण नाम से गूंजेगा पिलखुवा, इस्कॉन मंदिर में 8 से 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद :
पिलखुवा। जनपद हापुड़ के पिलखुवा में नेशनल हाईवे-9 पर पिलर नंबर-15 स्थित श्रीश्री राधा मदनमोहन मंदिर (इस्कॉन) में जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य दिवस को भव्य और भक्तिमय बनाने के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन को इस बार जन्माष्टमी पर करीब 8 से 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
4 सितंबर को होने वाले जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर में आध्यात्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। भव्य झूला यात्रा, कृष्ण कथा और कीर्तन मेला के बाद अब मुख्य जन्माष्टमी उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को भगवान श्रीश्री राधा मदनमोहन के दिव्य दर्शन कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
56 भोग और हरिनाम संकीर्तन बनेगा आकर्षण
जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर में विशेष फूल बंगला सजाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे दिन हरिनाम संकीर्तन से मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए भगवान के दिव्य दर्शन, संकीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आस्था के प्रमुख आकर्षण होंगे।
हजारों श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम
जन्माष्टमी पर पिलखुवा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन व्यवस्थाओं को व्यापक स्तर पर अंतिम रूप दे रहा है। दर्शन व्यवस्था, प्रसाद वितरण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस बार जन्माष्टमी महोत्सव में 8 से 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
इस्कॉन पिलखुवा की ओर से श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया गया है। जन्माष्टमी के दिन मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक कृष्ण भक्ति, हरिनाम संकीर्तन और धार्मिक उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव पर इस्कॉन पिलखुवा भक्ति और आस्था के बड़े केंद्र के रूप में श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए तैयार है।

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now
Also Read  चार दशक पुरानी परंपरा का जलवा बरकरार पिलखुवा के दतेड़ी मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ से बढ़ी रौनक