राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ :
हापुड़ में विकास कार्यों को लेकर प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं :
हापुड़। जनपद में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभागवार विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रभारी मंत्री ने विगत बैठक में दिए गए निर्देशों पर संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जनपद में जो भी विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं, उनकी जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विकास कार्यों का निरीक्षण जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कराया जाए, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की प्रभावी निगरानी हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होने वाले कार्यक्रमों, बैठकों, लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों की सूचना उन्हें समय से उपलब्ध कराई जाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।
गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में गौशालाओं की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद की सभी गौशालाओं में वर्षा ऋतु से बचाव के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहें। गोवंशों के लिए हरे चारे, भूसे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने गोवंशों के नियमित टीकाकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी गोवंश में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उसका तत्काल उपचार कराया जाए। इसके साथ ही निर्माणाधीन नई गौशालाओं की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वृद्धा पेंशन की समस्या पर ली जानकारी
प्रभारी मंत्री ने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए वृद्धा पेंशन में आ रही परेशानियों की जानकारी ली। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि पेंशनरों की केवाईसी एवं अन्य आवश्यक जानकारियां अपडेट होने के कारण कुछ लाभार्थियों की पेंशन रुकी हुई थी। प्रभारी मंत्री ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की।
अस्पतालों में साफ-सफाई और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता के निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनपद के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी है, वहां संविदा पर चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए आवश्यक पत्राचार करने को कहा गया।
वर्तमान में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लोकार्पण और शिलान्यास की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी तैयार रखी जाए। इन कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों की सूचना संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय से उपलब्ध कराई जाए।
प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर जोर
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाया जाए। सरकार द्वारा बच्चों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों और पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को अवश्य दी जाए तथा उनके साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति प्रदान की जाए।
बैठक में विधायक सदर, विधायक धौलाना, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के वीसी, परियोजना निदेशक, मेरठ, गाजियाबाद एवं अमरोहा लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गढ़मुक्तेश्वर, ब्लॉक प्रमुख हापुड़, धौलाना एवं सिंभावली सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
