राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : Ajay Verma
NH-9 पर फिर मौत का साया, वैगनआर की टक्कर से दो युवक घायल
बाइक में खराबी के बाद पैदल चल रहे युवकों को पीछे से कार ने मारी जोरदार टक्कर, दोनों गंभीर घायल
पिलखुवा। नेशनल हाईवे-9 पर आए दिन हो रहे सड़क हादसे अब गंभीर चिंता का सबब बनते जा रहे हैं। जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में एक बार फिर NH-9 पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। रामा अस्पताल के पास वैगनआर कार ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम सठला, मेरठ निवासी अफजल और आतिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार अफजल और आतिफ बाइक से गाजियाबाद की ओर से हापुड़ जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक में कुछ खराबी आ गई, जिसके चलते दोनों बाइक को साथ लेकर सड़क के डिवाइडर के सहारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही वैगनआर कार ने दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल दोनों घायलों को संभाला और उपचार के लिए रामा अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। हादसे में शामिल वैगनआर कार जनपद हापुड़ निवासी कुलदीप उपैड़ा की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेते हुए मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी मनोज बलियान ने बताया कि NH-9 पर रामा अस्पताल के पास हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। घायलों को उपचार के लिए रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NH-9 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे की सुरक्षा और वाहन चालकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दोनों घायलों का रामा अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
