राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
हापुड़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, 7 साल के मासूम समेत बुजुर्ग में संक्रमण की पुष्टि
डेढ़ दर्जन के पार पहुंचा स्वाइन फ्लू के मरीजों का आंकड़ा, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्टहापुड़। जनपद में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार इजाफा होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जिले में 7 साल के मासूम बच्चे समेत एक बुजुर्ग में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दोनों मरीजों की जांच रिपोर्ट जिला अस्पताल में हुई जांच के बाद सामने आई है।स्वाइन फ्लू की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या अब डेढ़ दर्जन से अधिक पहुंच गई है।
नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संक्रमण को लेकर आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की जा रही है।जानकारी के मुताबिक, स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने वाला एक मरीज हापुड़ क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि दूसरा मरीज गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
इनमें एक 7 वर्षीय मासूम है, जबकि दूसरा बुजुर्ग है। दोनों की जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है।लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों की ओर से लोगों से सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों की निगरानी की जा रही है और संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता भी बढ़ गई है।
