राष्ट्र संवाद टाइम्स : aarif kassar :
धौलाना तहसील में रजिस्ट्री व्यवस्था प्रभावित सीपीयू खराब होने से थमी रजिस्ट्री की रफ्तार, धौलाना तहसील में उमड़ी भीड़
कई दिनों से तकनीकी खराबी के चलते एक काउंटर बंद, दूसरे पर बढ़ा काम का दबाव; बैनामा लेखक, अधिवक्ता और रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोग परेशान
हापुड़। धौलाना। धौलाना तहसील स्थित उप निबंधक कार्यालय में पिछले कई दिनों से सीपीयू खराब होने के कारण रजिस्ट्री व्यवस्था प्रभावित चल रही है। सामान्य दिनों में दो काउंटरों पर होने वाला रजिस्ट्री का कार्य फिलहाल एक ही काउंटर पर सिमट गया है। काउंटर नंबर एक का सीपीयू खराब होने के कारण वहां काम बंद है, जबकि काउंटर नंबर दो पर ही पूरी व्यवस्था संचालित की जा रही है। इसके चलते सुबह से ही कार्यालय में बैनामा लेखकों, अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों की भीड़ जमा हो रही है।
बुधवार को कार्यालय खुलने से पहले ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। सुबह करीब 11 बजे तक उप निबंधक कार्यालय में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोग अपनी बारी के इंतजार में कतार में खड़े रहे। एक ही काउंटर पर काम होने से कार्य का दबाव बढ़ गया और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।पिछले कई दिनों से सीपीयू खराब होने के कारण बैनामा लेखकों, अधिवक्ताओं और उनके क्लाइंटों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए तहसील पहुंचने वाले लोगों को काम पूरा कराने में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए यह स्थिति परेशानी का कारण बन रही है।लोगों का कहना है कि उप निबंधक कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की रजिस्ट्री कराने पहुंचते हैं। ऐसे में दो में से एक काउंटर बंद रहने से काम का दबाव बढ़ गया है। लोगों ने मांग की कि सीपीयू की तकनीकी खराबी को जल्द दूर कर काउंटर नंबर एक को भी चालू कराया जाए, ताकि दोनों काउंटरों पर रजिस्ट्री का कार्य शुरू हो और लोगों को राहत मिल सके।
सब रजिस्ट्रार हर्षा पौराणिक ने बताया कि काउंटर नंबर एक का सीपीयू तकनीकी खराबी के कारण पिछले कई दिनों से खराब है। सीपीयू को ठीक कराने के लिए भेजा गया है। फिलहाल काउंटर नंबर दो पर रजिस्ट्री का कार्य कराया जा रहा है। तकनीकी समस्या दूर होते ही काउंटर नंबर एक को भी चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों और रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों से धैर्य एवं संयम बनाए रखने की अपील की।
