राष्ट्र संवाद टाइम्स / हापुड़ रियाज अहमद

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

होटल-ढाबों और टोल प्लाजा तक पुलिस की दस्तक, संदिग्धों से पूछताछ और वाहनों की सघन जांच

पिलखुवा। आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर पिलखुवा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मोर्चा संभाल लिया है। अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्वतंत्रता दिवस को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हापुड़ के निर्देशन में शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में व्यापक सघन चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर हाईवे और सार्वजनिक स्थलों तक सुरक्षा का शिकंजा कसता दिखाई दिया।
क्षेत्राधिकारी मुनीष चंद्र के नेतृत्व तथा थाना प्रभारी अतुल चौहान की अगुवाई में पुलिस बल ने अलग-अलग टीमों के साथ क्षेत्र के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों ने मुख्य बाजारों, रेलवे रोड, प्रमुख चौराहों, संपर्क मार्गों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध नजर आने वाले व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई तथा उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई।
पुलिस टीम ने पिलखुवा रेलवे स्टेशन परिसर में भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद लोगों और वाहनों की भी जांच की गई।
NH-9 हाईवे को भी पुलिस ने सुरक्षा अभियान के दायरे में रखा। हाईवे पर वाहनों को रोककर सघन चेकिंग की गई। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों के कागजात और अन्य आवश्यक जानकारी जांची गई। पुलिस ने हाईवे किनारे स्थित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों और वाहनों की भी जांच की। टोल प्लाजा पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रही।
क्षेत्राधिकारी मुनीष चंद्र ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार पैदल गश्त और सघन चेकिंग कराई जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
थाना प्रभारी अतुल चौहान के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को भी सतर्क रहने की अपील की। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर पिलखुवा पुलिस किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। शहर के बाजारों, रेलवे स्टेशन, मुख्य मार्गों, NH-9, होटल-ढाबों, टोल प्लाजा और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की पैनी निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Also Read  गढ़मुक्तेश्वर में गंगा का रौद्र रूप देख फिर मचा हड़कंप 24 घंटे में 8 सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर