राष्ट्र संवाद टाइम्स : riyaz ahmad :
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पिलखुवा पहुंच स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक
हापुड़-पिलखुवा । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को पिलखुवा पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उपमुख्यमंत्री ने स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग के आवास पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता थीं और संगठन को मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके निधन से भाजपा परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
उपमुख्यमंत्री के पिलखुवा दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों और संभावनाओं पर बात की। केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने वर्ष 2017 में भाजपा के 300 से अधिक सीटें जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में भी पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी को किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल है और प्रदेश के उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम तक कमल खिल रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों के कारण जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ा है। गरीब, किसान, युवा, महिला और व्यापारियों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर जनता के बीच निरंतर काम कर रहे हैं।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना, विपक्ष पर लगाए एआई वीडियो प्रसारित करने के आरोप
मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं, लेकिन उन्हें प्रदेश की राजनीतिक स्थिति का भी आकलन करना चाहिए। विपक्ष पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग हताशा और निराशा में एआई तकनीक के माध्यम से वीडियो तैयार कर उन्हें प्रसारित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से जनता गुमराह होने वाली नहीं है और समय आने पर प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और सुरक्षा के मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया। उनके राजनीतिक बयानों के बीच पिलखुवा में स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करना दौरे का प्रमुख हिस्सा रहा।
सांसद, विधायक और भाजपा पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस मौके पर बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह, विधायक विजयपाल आढ़ती, विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, विधायक धर्मेश सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष कविता मात्रे, गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग,ब्लॉक प्रमुख निशान सिसोदिया, भाजपा नेता अजीत चौधरी,निवर्तमान जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, पालिका चेयरमैन विभु बंसल, पश्चिम क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण मित्तल मंडल अध्यक्ष मनीष माहेश्वरी,सोशल मीडिया प्रभारी अमित टोंक,कोषाध्यक्ष अंशुल मित्तल,समेत भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट, करीब 400 पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। डीएम और एसपी सहित एडिशनल एसपी, सभी उपजिलाधिकारी, अग्निशमन अधिकारी, यातायात पुलिस तथा क्षेत्राधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके मौजूद रहकर अलर्ट रहे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए करीब 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की कमान संभालते हुए पूरे दौरे को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।
