राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
हापुड़ जनपद में गूंजा हिंदू जागरण का संदेश, ‘घर-बेटी अस्तित्व बचाओ’ पदयात्रा का पिलखुवा में जोरदार स्वागत
ब्रजघाट से डासना की ओर बढ़ी पदयात्रा, पिलखुवा के पिलर नंबर 75 पर हुआ भव्य स्वागत; पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का किया अभिनंदन
हापुड़। जनपद हापुड़ के पिलखुवा स्थित एलिवेटेड पुल के पिलर नंबर 75 पर सोमवार को ‘हिंदू जागो, घर-बेटी अस्तित्व बचाओ’ पदयात्रा के पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। सनातन धर्म और हिंदू समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से निकाली जा रही यह पदयात्रा ब्रजघाट से होते हुए पिलखुवा पहुंची। यात्रा के पहुंचने पर लोगों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।12 सितंबर को प्रजापति से शुरू हुई पदयात्रा के दौरान रास्ते में आने वाले मंदिरों और तीर्थस्थलों पर पूजा-अर्चना की जा रही है।
यात्रा के माध्यम से सनातन धर्म और हिंदू समाज की रक्षा के लिए मां और महादेव से प्रार्थना की जा रही है। साथ ही हिंदू समाज से अपने परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए जागरूक एवं सक्षम बनने का आह्वान किया जा रहा है।यात्रा के दौरान साध्वी मैत्रेयी ने महिलाओं से समय पर विवाह करने और अधिक बच्चे पैदा करने की अपील की। उन्होंने बेटियों को सनातन धर्म की शिक्षा देने पर भी जोर दिया। यात्रा के संदेश में परिवार, समाज और सनातन परंपराओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पदयात्रा का नेतृत्व यति महामंडलेश्वर गिरि कर रहे हैं। यात्रा में राम विशाल दास, पीठाधीश्वर हरिहर, माधव गिरि गढ़वाले बाबा, मधुरा और अभय रामदास बाबा चित्रकूट समेत कई संत और श्रद्धालु शामिल हैं।पिलखुवा पहुंचने पर नगर के गणमान्य लोगों ने पदयात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा कर संतों और पदयात्रियों का अभिनंदन किया गया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।
पिलखुवा में स्वागत के बाद पदयात्रा अपने अगले पड़ाव डासना देवी मंदिर की ओर रवाना हो गई। यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना और जनजागरूकता का सिलसिला जारी है। यात्रा के समापन को लेकर दूधेश्वरनाथ मंदिर का भी उल्लेख किया गया है।
