राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

त्यौहारों से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन का वार, दूध-पनीर से लेकर रेस्टोरेंट की रसोई तक होगी ताबड़तोड़ जांच

डीएम कविता मीना ने दिए सख्त निर्देश, खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ मानकों की होगी गहन जांच

हापुड़। त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी के जरिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर अब जिला प्रशासन की सीधी नजर रहेगी। बाजार में दूध-पनीर और खोये से लेकर खाद्य तेल, अंडे और ऑर्गेनिक के नाम पर बिक रहे खाद्य पदार्थों तक की जांच होगी, जबकि रेस्टोरेंट की रसोई भी प्रशासन के रडार पर रहेगी। मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने जांच और नमूना संग्रहण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना की अध्यक्षता में मिलावटी एवं नकली खाद्य पदार्थों और औषधियों के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम के लिए जिलास्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Also Read  पिलखुवा नवोदय समिति द्वारा लगाए गए फोटोग्राफी प्रदर्शनी में दिखा संस्कृति और विरासत का दमदार रंग

जिलाधिकारी ने खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और रखरखाव वाले स्थानों पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।उन्होंने खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के लिए कैंप आयोजित करने और उन्हें नियमों की जानकारी देने पर भी जोर दिया।बैठक में दूध, पनीर, खोया, खाद्य तेल, अंडे, रेस्टोरेंट में तैयार होने वाले खाद्य पदार्थ और ऑर्गेनिक के नाम पर बेचे जा रहे उत्पादों के नमूने प्राथमिकता के आधार पर लेने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही औषधियों और प्रसाधन सामग्री पर भी विशेष निगरानी रखते हुए जांच और कार्रवाई करने को कहा गया।रेस्टोरेंट संचालकों के लिए भी प्रशासन ने साफ संदेश दिया है। रेस्टोरेंट के किचन की विशेष जांच की जाएगी। वहां खाद्य पदार्थों के निर्माण, रखरखाव, स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था को परखा जाएगा। नियमों में लापरवाही मिलने पर संबंधित कारोबारकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो खाद्य कारोबारकर्ता खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अनुरूप अपना कारोबार संचालित नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण और खाद्य पदार्थों की शुद्धता के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।प्रशासन का फोकस त्योहारों के दौरान बाजार में बढ़ने वाली खाद्य पदार्थों की मांग के बीच मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर है।

Also Read  पिलखुवा मे नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का पलटवार सड़क पर उतरी खाकी तो मचा हड़कंप

बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी, औषधि निरीक्षक, बाट-माप निरीक्षक, डिप्टी कमिश्नर राज्य कर, जिला आबकारी अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशासी अधिकारी हापुड़, व्यापार संघ के पदाधिकारी और समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।