राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

गुरुकुल महाविद्यालय से दो किशोर छात्र लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

विद्यालय जाने के बाद नहीं लौटे दोनों छात्र, परिजनों ने जताई बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका; पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की तलाश

हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर स्थित गुरुकुल महाविद्यालय से दो किशोर छात्रों के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। दोनों छात्र कक्षा आठ में पढ़ते हैं। विद्यालय जाने के बाद जब दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

एक छात्र के परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा दोनों किशोरों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की आशंका जताई है।थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर काकोड़ी निवासी सुमन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र देवा गांव ततारपुर स्थित गुरुकुल महाविद्यालय में कक्षा आठ का छात्र है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे उनका पुत्र विद्यालय गया था, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटा। काफी समय बीतने के बाद परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर जानकारी की और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की।

Also Read  गरीबों की थाली फिर भरेगी, हापुड़ में 25 सितंबर तक मुफ्त राशन

इसी दौरान जानकारी मिली कि गांव काठीखेड़ा निवासी 14 वर्षीय छात्र तनिष भी लापता है। तनिष भी उसी विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता है। दोनों छात्रों के एक साथ लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। परिजनों ने दोनों किशोरों की आसपास के गांवों, संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

इसके बाद छात्र के परिजनों ने थाना देहात पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों छात्रों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों नाबालिग छात्रों के एक साथ लापता होने के कारण मामला गंभीर माना जा रहा है।

थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि दोनों लापता छात्रों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। छात्रों के संभावित ठिकानों के साथ-साथ उनके परिचितों और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। विद्यालय से संबंधित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों छात्रों को सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

Also Read  पंकज शर्मा एस आई क़स्बा चौकी द्वारा समस्त क्षेत्र वासियों को दी गई स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं