राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

जनपद हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित बांस-बल्लियों की फैक्ट्री में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली का काम करने पहुंचे इलेक्ट्रीशियन शौकीन की अचानक करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

रफीक नगर निवासी शौकीन पुत्र मुद्दू खां इलेक्ट्रीक का काम करता था। गुरुवार को वह नीरज गर्ग की बांस-बल्लियों की फैक्ट्री में बिजली का काम करने गया था।बताया गया कि शाम करीब सात बजे काम करने के दौरान अचानक शौकीन करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही उसकी हालत गंभीर हो गई और फैक्ट्री में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।हादसे के बाद आनन-फानन में शौकीन को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी गई।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद शौकीन को मृत घोषित कर दिया।शौकीन की मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। जवान युवक का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देखते ही देखते अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया और परिवार में मातम पसर गया।परिजनों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बिजली का काम कराते समय जरूरी सुरक्षा मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया।

Also Read  समीक्षा बैठक कर नगर निकायों की कार्यप्रणाली की डीएम ने परखी हकीकत, कार्यों में सुधार के निर्देश

परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि शौकीन फैक्ट्री में इलेक्ट्रीक का काम करने गया था, जहां करंट लगने से उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।