राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now


एनकाउंटर के खौफ से थाने पहुंचे बदनौली कांड के दो आरोपी, तख्ती लेकर किया सरेंडर

हापुड़। योगी सरकार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती और ताबड़तोड़ कार्रवाई का असर अब हापुड़ में साफ दिखाई देने लगा है। चर्चित बदनौली कांड में दीपक हत्याकांड के फरार चल रहे दो आरोपियों के हौसले पस्त हो गए और गिरफ्तारी से बचने के लिए आखिरकार उन्हें खुद पुलिस की चौखट पर पहुंचना पड़ा। आरोपी पैरिस और भूपेंद्र हाथों में तख्तियां लेकर सीधे नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों के इस अंदाज में सरेंडर करने के बाद इलाके में यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

पहले विवाद, फिर पथराव और फायरिंग
मामला हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली का है। शुक्रवार को दो पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट, पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। अचानक हुई गोलीबारी और पथराव से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दीपक समेत कई लोग घायल हो गए।
गोली लगने से दीपक की हालत हुई गंभीर

Also Read  हापुड़ देहात पुलिस का बड़ा एक्शन! अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरोह का पर्दाफाश 44 पेटी अवैध शराब और क्रेटा बरामद

फायरिंग के दौरान दीपक को गोली लगी थी। उसके साथ अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दीपक की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दीपक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गम और आक्रोश में बदल गया।
शव पहुंचा तो ग्रामीणों में फूटा आक्रोश

दीपक का शव पोस्टमार्टम के बाद जब गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ और अंतिम संस्कार कराया गया।

13 नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 13 नामजद और 15 से 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाईं और लगातार दबिश दी। मुकदमे में पैरिस चौधरी और कलुवा उर्फ भूपेंद्र के नाम भी शामिल बताए गए हैं।

Also Read  धौलाना में जमीन के खेल का बड़ा आरोप! सनलाइट रियलिटी डेवलपर्स

तख्ती लेकर खुद कोतवाली पहुंचे पैरिस और भूपेंद्र
पुलिस की लगातार कार्रवाई और गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के बीच फरार चल रहे पैरिस और भूपेंद्र आखिरकार खुद नगर कोतवाली पहुंच गए। दोनों अपने हाथों में तख्तियां लेकर थाने पहुंचे और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अब पुलिस दोनों आरोपियों से घटना में उनकी भूमिका, फायरिंग के दौरान मौजूद अन्य लोगों और वारदात में इस्तेमाल हथियारों समेत दूसरे महत्वपूर्ण पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। बदनौली कांड में दो फरार आरोपियों का इस तरह तख्ती लेकर थाने पहुंचकर सरेंडर करना पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।