राष्ट्र संवाद टाइम्स : riyaz ahmad

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

ग्राम बदनौली में मारपीट-फायरिंग कांड का खौफनाक अंजाम, घायल दीपक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हापुड़। जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बदनौली में दो पक्षों के बीच हुए मारपीट, पथराव और फायरिंग के मामले में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल दीपक उर्फ गोलू की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव के माहौल को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
बताया जा रहा है कि पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया और इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैल गई। घटना में कई लोग घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें दीपक उर्फ गोलू की हालत गंभीर बताई जा रही थी। उपचार के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया।
6 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना के बाद हापुड़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में भी कार्रवाई जारी है।
पुलिस महकमे में भी बड़ा एक्शन
बदनौली फायरिंग कांड के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है। डीआईजी के आदेश पर एसपी ने कई पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। वहीं सुरक्षा और व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया है, जबकि एक चौकी इंचार्ज और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है।
दीपक की मौत के बाद गांव में भारी पुलिस फोर्स
दीपक की मौत के बाद किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए ग्राम बदनौली में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक की आमजन से अपील
अपर पुलिस अधीक्षक ने आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। आमजन किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के कोई भ्रामक सूचना प्रसारित न करें।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ग्राम बदनौली में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की कार्रवाई जारी है और प्रशासन का पूरा फोकस गांव में शांति कायम रखने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।

Also Read  पिलखुवा दिनेश नगर सोसायटी का विवाद पहुंचा हाईकोर्ट अब तत्काल चार्ज हैंडओवर के आदेश