राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
जल सारथी ऐप पर फोटो-वीडियो भेजें, सड़क की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी
हापुड़। जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए बिछाई गई पाइपलाइनों के बाद खोदी गई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत को लेकर उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) ने व्यापक रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया है। एक अक्टूबर से प्रदेशभर में शुरू हुए इस अभियान के तहत शेष बची सड़कों को चिह्नित कर उनके पुनर्स्थापना कार्य में तेजी लाई जा रही है।
फोटो-वीडियो भेजते ही दर्ज होगी शिकायत
यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की अब तक मरम्मत नहीं हुई है या सड़क की स्थिति खराब है, तो ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से सड़क की फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले का संज्ञान लेकर सड़क के दुरुस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिकायतों की निगरानी जल निगम (ग्रामीण) के प्रदेश मुख्यालय स्तर से भी की जा रही है।
जल सारथी ऐप पर उपलब्ध कराई गई विशेष सुविधा
रोड रेस्टोरेशन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीण अपने मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करने के बाद ‘सड़क पुनर्स्थापना मरम्मत अभियान’ विकल्प पर जाकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए नाम, गांव का नाम और पूरा पता दर्ज करने के साथ सड़क की वास्तविक स्थिति दर्शाने वाली फोटो एवं वीडियो अपलोड करनी होगी।
शेष सड़कों की मरम्मत पर रहेगा विशेष जोर
अधिकारियों के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान विभिन्न प्रकार की ग्रामीण सड़कों को खोदना पड़ा था। पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद बड़ी संख्या में सड़कों का पुनर्स्थापना कार्य कराया जा चुका है, जबकि शेष सड़कों की मरम्मत के लिए प्रदेशभर में एक साथ विशेष अभियान शुरू किया गया है।
समयबद्ध तरीके से कराया जाएगा दुरुस्तीकरण
अभियान के तहत पाइपलाइन बिछाने के कारण प्रभावित हुई सड़कों के पुनर्स्थापना एवं दुरुस्तीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। जल निगम (ग्रामीण) का उद्देश्य जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ पाइपलाइन कार्य से प्रभावित सार्वजनिक मार्गों को भी निर्धारित मानकों के अनुसार जल्द से जल्द दुरुस्त कराना है।
