राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : ajay verma
सतीश की मौत पर मचा हंगामा, पुलिस ने खोली हादसे की परतें—रंजिश नहीं, ट्रैक्टर चालक भी खाई में पलटा; FIR के बाद जांच तेज
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के ग्राम घुंघराला निवासी सतीश की मौत को लेकर अलग-अलग खबरें सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सतीश की मृत्यु दुर्घटना में आई गंभीर चोटों के कारण होना प्रतीत हो रही है। वहीं मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना हाफिजपुर में अभियोग पंजीकृत कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सतीश और ट्रैक्टर चालक के बीच पूर्व में किसी प्रकार की रंजिश होने की बात प्रथम दृष्टया सामने नहीं आई है। जांच में ट्रैक्टर चालक के अकुशल चालक होने की आशंका जताई गई है। घटनाक्रम के दौरान आगे जाकर ट्रैक्टर खाई में पलट गया, जिसमें चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ट्रैक्टर चालक का उपचार मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मामले में खनन को लेकर भी अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आईं। पुलिस की जांच में पाया गया कि कृषि कार्य के लिए एक खेत से दूसरे खेत में मिट्टी का स्थानांतरण किया जा रहा था। हालांकि, खनन से संबंधित पहलू में अग्रेतर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना प्रेषित कर दी गई है।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अब घटनाक्रम से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अलग-अलग खबरों के बीच एसपी ने वीडियो जारी कर दिया स्पष्टीकरण
मामले को लेकर विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग खबरें चलने के बीच पुलिस अधीक्षक हापुड़ ज्ञानंजय सिंह ने वीडियो जारी कर आधिकारिक स्पष्टीकरण दिया है। वीडियो के माध्यम से एसपी ने मामले में अब तक हुई प्रारंभिक जांच, ट्रैक्टर चालक की स्थिति, खनन से जुड़े पहलू और मुकदमा दर्ज होने की जानकारी स्पष्ट की। पुलिस अधीक्षक ने यह भी साफ किया कि प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
