राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

पिलखुवा : निर्माण की सुस्त चाल ने बढ़ाई लोगों की मुश्किल, 20 दिन बाद भी सड़क अधूरी, रोजाना जूझ रहे हजारों राहगीर

हापुड़,पिलखुवा । जनपद हापुड़ के पिलखवा नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला रमपुरा में सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। निर्माण कार्य शुरू हुए करीब 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सड़क अब तक पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी है। मार्ग खुदा होने और निर्माण सामग्री के कारण आवागमन प्रभावित है। रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इंटर कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की परेशानी भी बढ़ गई है।

रास्ता बाधित, नाला और खाई के बीच निकलना मजबूरी
निर्माणाधीन सड़क की एक ओर नाला और दूसरी ओर खाई होने से रास्ता बेहद असुविधाजनक हो गया है। मार्ग की स्थिति ऐसी है कि राहगीरों को संभलकर निकलना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने के कारण लोगों को कई बार वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाए तो उन्हें राहत मिल सकती है।

Also Read  जल सारथी ऐप पर फोटो-वीडियो भेजें सड़क की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी

इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों की भी बढ़ी मुश्किल
सड़क निर्माण का असर इंटर कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं पर भी पड़ा है। मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। सुबह विद्यालय जाने और छुट्टी के बाद घर लौटने के समय परेशानी अधिक बढ़ जाती है। अभिभावकों का कहना है कि लंबे समय तक सड़क इसी स्थिति में रहने से बच्चों के आवागमन में अनावश्यक दिक्कत बनी रहेगी।

घर के दरवाजे तक पहुंचना भी चुनौती, कुर्सियों का सहारा
स्थानीय निवासी नेहा ने बताया कि उनके घर के सामने रास्ता खराब होने के कारण घर में प्रवेश करना भी मुश्किल हो गया है। परिवार के सदस्यों को अंदर जाने के लिए कुर्सियां रखनी पड़ रही हैं और उन्हीं के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण जल्द पूरा होने से ही लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सकेगी।

Also Read  जल सारथी ऐप पर फोटो-वीडियो भेजें सड़क की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी

निर्माण की धीमी रफ्तार से लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही मार्ग की समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन करीब 20 दिन बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। लोगों का आरोप है कि निर्माण की धीमी गति के कारण रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने नगर पालिका से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कराने और ठेकेदार को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश देने की मांग की है।

अधिकारी बोले—जानकारी लेकर तेज कराया जाएगा काम
अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए जाएंगे। जल्द निर्माण पूरा कराकर मार्ग पर आवागमन सुचारु कराने का प्रयास किया जाएगा।