राष्ट्र संवाद टाइम्स: ajay verma : हापुड़ में ईवीएम जांच पर डीएम की पैनी नजर, एफएलसी सेंटर का औचक निरीक्षण—सुरक्षा और पारदर्शिता के सख्त निर्देश
हापुड़।जनपद हापुड़ में शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने एफएलसी (फर्स्ट लेवल चेकिंग) सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग की प्रक्रिया को बारीकी से परखा और सेंटर पर की गई सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की तकनीकी जांच, BEL/ECIL के इंजीनियरों द्वारा किए जा रहे कार्य, सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी और विद्युत व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से एफएलसी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एफएलसी का पूरा कार्य पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट की जांच सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने एफएलसी सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेंटर पर बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
उन्होंने सेंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे सातों दिन क्रियाशील रखने और पूरी प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वीडियोग्राफी व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार ही संपन्न कराए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एफएलसी कार्य के दौरान पारदर्शिता, सुरक्षा और निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
