राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ा फरियादियों का सैलाब, 121 शिकायतें पहुंचीं

तीनों तहसीलों में अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं, 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण

हापुड़। जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। हापुड़, धौलाना और गढ़मुक्तेश्वर तहसील में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। पूरे जनपद में कुल 121 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

हापुड़ तहसील में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियाद

हापुड़ तहसील में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना और पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
जिलाधिकारी के समक्ष खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण और दाखिल-खारिज से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से पहुंचीं। इसके अलावा भूमि विवाद, मारपीट, शांति भंग, साइबर फ्रॉड, पेंशन, आवास, शौचालय, सड़क, विद्युत और पेयजल से संबंधित समस्याएं भी फरियादियों ने अधिकारियों के सामने रखीं।

Also Read  किसानों के हक की यूरिया पर माफियाओं का कब्जा! 184 कट्टों का भंडाफोड़ मुकदमा दर्ज होते ही फरार हुए आरोपी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकन किया जाए और उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो। उन्होंने भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी फोन के माध्यम से भी उपलब्ध कराने को कहा।

कानून-व्यवस्था की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सुनवाई थाना स्तर पर ही प्रभावी ढंग से हो और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

धौलाना में 31 शिकायतें, 3 का मौके पर निस्तारण

इसी क्रम में धौलाना तहसील में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Also Read  शासन के विकास एजेंडे पर डीएम कविता मीना की निगाह धीमे पुल निर्माण पर कार्यदायी संस्था को फटकार

गढ़मुक्तेश्वर में 35 शिकायतें, 10 का तत्काल समाधान
वहीं गढ़मुक्तेश्वर तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। यहां कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण संबंधित अधिकारियों द्वारा कराया गया।

अधिकारियों को साफ निर्देश—शिकायतों के निस्तारण में न हो देरी
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जांच कर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने और कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

इस दौरान हापुड़ तहसील में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
तीनों तहसीलों का आंकड़ा:
हापुड़: 55 शिकायतें, 8 का मौके पर निस्तारण
धौलाना: 31 शिकायतें, 3 का मौके पर निस्तारण
गढ़मुक्तेश्वर: 35 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण
कुल: 121 शिकायतें, 21 का मौके पर निस्तारण