राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
गंगा की सफाई से लेकर जनजागरूकता तक, सेवा संकल्प अभियान में दिखा सेवा का संकल्प
गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़। सेवा को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर उसे धरातल पर उतारने की मुहिम के तहत हापुड़ जनपद में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट स्थित गंगा तट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के अधिकारियों ने गंगा घाट की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र तेवतिया एवं नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर के अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में गंगा तट पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान घाट पर मौजूद लोगों से गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की अपील की गई। लोगों से विशेष रूप से कहा गया कि गंगा में स्नान करते समय कपड़े, प्लास्टिक, पूजा सामग्री अथवा अन्य किसी प्रकार का कचरा नदी में न डालें।
गंगा की स्वच्छता को बनाया जनभागीदारी का अभियान के दौरान यह संदेश दिया गया कि गंगा की सफाई केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों से स्वयं जागरूक होने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।वहीं, सेवा संकल्प अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जनपद के विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, सफाई कर्मियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, पंचायत भवनों और अमृत सरोवरों की सफाई में सहभागिता की।नुक्कड़ नाटक से योजनाओं का संदेश अभियान में केवल साफ-सफाई तक ही गतिविधियां सीमित नहीं रहीं। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों और आम लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभार्थी परक योजनाओं की जानकारी दी गई। कलाकारों ने मनोरंजक और सरल तरीके से लोगों को योजनाओं के उद्देश्य और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया।
अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान हापुड़ जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रत्येक दिन सेवा भावना से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वच्छता, जनजागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को व्यापक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।बृजघाट में गंगा सफाई अभियान के दौरान दिया गया संदेश भी स्पष्ट रहा—गंगा की स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर जनभागीदारी से जुड़ी जिम्मेदारी है।
