राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
दीपावली से पहले हापुड़ में अवैध पटाखों के खेल पर पुलिस का बड़ा वार, लोडर में छिपाकर ले जाई जा रही 13 पेटियां पकड़ीं
हापुड़। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और परिवहन का खेल रोकने के लिए नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए एक छोटे लोडर से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस की कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों की खरीद-फरोख्त और परिवहन करने वालों में खलबली मच गई। चेकिंग के दौरान पकड़े गए लोडर से अलग-अलग ब्रांड और प्रकार के 13 पेटी पटाखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लोडर को भी सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, चार सितंबर की रात उपनिरीक्षक रमेश चंद्र गौतम पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त करते हुए संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक छोटा हाथी लोडर बड़ी मात्रा में पटाखे लेकर बुलंदशहर की ओर से हापुड़ होते हुए भोजपुर की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चितौली कट के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का लोडर पुलिस के सामने आ गया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो अंदर बड़ी मात्रा में पटाखे देखकर टीम भी सतर्क हो गई। गिनती करने पर कुल 13 पेटियां बरामद हुईं। इनमें फ्लैश बुलेट, मिनी बुलेट बम, रॉकेट बम, कलर्ड स्पार्कलर्स और फ्लावर पॉट्स समेत विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल बताए गए हैं।
बिजनौर से पटाखे लाकर भोजपुर में खपाने की तैयारी
पूछताछ में चालक ने अपना नाम मोमीन पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी त्रिलोकपुरम, मदनी मस्जिद वाली गली नंबर-5, हापुड़ बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि पटाखे बिजनौर से लाए गए थे और भोजपुर में किराये के कमरे में रखने की तैयारी थी। दीपावली के दौरान इन्हें बेचकर मुनाफा कमाने के लिए पटाखे एकत्र किए जा रहे थे।
न लाइसेंस मिला, न परिवहन के वैध कागजात
पुलिस ने पटाखों के भंडारण और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई वैध लाइसेंस या आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर नमूने सील किए और लोडर को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी और बीएनएस की धारा 288 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पटाखों की सप्लाई कहां से हुई और इस अवैध कारोबार में आरोपी के अलावा और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने कहा कि दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और परिवहन पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। नियमों को ताक पर रखकर पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
