धौलाना। दौलतपुरा-ढीकरी रजवाहे के पास गुरुवार सुबह अमरूद के पेड़ के नीचे 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान चौहान गढ़ी शौलाना निवासी मोहित पुत्र भोज चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहित ने बुधवार रात अपने एक दोस्त के साथ शराब का सेवन किया था। इसके बाद उसका दोस्त अपने घर चला गया, जबकि मोहित घर नहीं पहुंचा। सुबह रजवाहे के पास अमरूद के पेड़ के नीचे उसका शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की मौत के कारणों के साथ ही उन परिस्थितियों का भी पता लगाने में जुटी है, जिनमें उसका शव रजवाहे के पास पहुंचा।थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि युवक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
