राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
हापुड़ में शिक्षा व्यवस्था पर डीएम का शिकंजा
हापुड़ में शिक्षा व्यवस्था पर डीएम का शिकंजा! स्कूलों की हाईटेंशन लाइन से शिक्षकों की हाजिरी तक होगी सख्त निगरानी
हापुड़। जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति एवं जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्कूलों की सुरक्षा, बच्चों को मिलने वाली सरकारी सहायता और शिक्षकों की उपस्थिति समेत कई मुद्दों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने उन विद्यालयों को लेकर गंभीरता दिखाई, जिनके परिसर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर हाईटेंशन लाइन हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता न हो।
वहीं DBT के माध्यम से बच्चों को दी जाने वाली धनराशि को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र बच्चों के खातों में धनराशि पहुंचना सुनिश्चित किया जाए और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों (KGBV) में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एडीओ पंचायत अधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग के डीसी एवं KGBV वार्डन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम के सख्त निर्देशों के बाद अब शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं पर अधिकारियों की निगरानी और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।
