राष्ट्र संवाद टाइम्स : riyaz ahmad
एनएच-9 पर रफ्तार का कहर, ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी कार; महिला की मौत
हापुड़। जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-9 पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वैठ मोड़ चौकी के ऊपर बने फ्लाईओवर पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार 59 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी और कार चालक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार कार चालक अमित पुत्र सतीश निवासी ग्राम गढ़ी छतरी, थाना ओरछा, जनपद मैनपुरी, कार लेकर बरेली से नोएडा की ओर जा रहा था। कार में 59 वर्षीय बीना देवी पत्नी अमरनाथ निवासी एकता नगर कॉलोनी, थाना प्रेमनगर, जनपद बरेली और उनकी बेटी सौम्या भी सवार थीं।
बताया गया कि कार जैसे ही सिंभावली थाना क्षेत्र में वैठ मोड़ चौकी के ऊपर बने फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। बीना देवी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी बेटी सौम्या और कार चालक अमित को भी चोटें आईं, जिनका उपचार कराया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि नेशनल हाईवे-9 पर कार और ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में एक महिला की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
