राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़/पिलखुवा :
वारंटियों पर पिलखुवा पुलिस का शिकंजा,छह वारंटी गिरफ्तार, अलग-अलग मामलों में लंबे समय से चल रहे थे वांछित कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई :
पिलखुवा।न्यायालय से जारी वारंटों की तामील को लेकर पिलखुवा पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे छह वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान के नेतृत्व में चलाए गए धरपकड़ अभियान में पुलिस टीम ने वारंटियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें दबोचा। पुलिस की इस कार्रवाई से वारंटियों और फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए वारंटियों में ग्राम कांवी निवासी रोहित पुत्र बिजेंद्र, उम्र करीब 31 वर्ष तथा सतेन्द्र पुत्र बिजेंद्र, उम्र करीब 35 वर्ष शामिल हैं। सतेन्द्र के खिलाफ सीसी संख्या 260/2019 में धारा 498ए, 323, 506 भादवि एवं डीपी एक्ट से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा ग्राम गालंद निवासी कर्ण तोमर उर्फ दीपक पुत्र यशपाल सिंह, उम्र करीब 21 वर्ष को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ वाद संख्या 14395/23 में धारा 323/504/506/336 भादवि से संबंधित न्यायालय का वारंट जारी था।
इसी अभियान के दौरान मौ. माता कस्बा निवासी राजू पुत्र बोधराज, उम्र करीब 54 वर्ष को धारा 379/511 भादवि से संबंधित मामले में जारी वारंट के आधार पर पकड़ा गया। वहीं ग्राम अचपलागढ़ी निवासी ध्रुव पुत्र स्वर्गीय अजीत, उम्र करीब 21 वर्ष को धारा 323/504/506 भादवि के मामले में गिरफ्तार किया गया। छठे वारंटी मौ. बजरंगपुरी निवासी सौरभ पुत्र प्रेम सिंह को भी धारा 323/504/506 भादवि से संबंधित मामले में न्यायालय के वारंट पर गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान का कहना है कि सभी आरोपियों को उनके मस्कन से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी से बच रहे लोगों में भी बेचैनी बढ़ गई है।
यह पूरी कार्रवाई कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव वशिष्ठ, शुभम कुमार, विवेक चौहान, राकेंद्र मिश्रा, सुनील कुमार शिव शंकर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे
