राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

अक्टूबर में 10 से 25 तक मिलेगा मुफ्त राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो खाद्यान्न; 16 दुकानों पर मक्का भी उपलब्ध

हापुड़। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जिले के राशनकार्ड धारकों के लिए अक्टूबर माह के खाद्यान्न वितरण की तारीख तय कर दी गई है। जिले में 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण कराया जाएगा। खाद्य एवं रसद विभाग के निर्देशों के अनुपालन में जिला पूर्ति विभाग ने वितरण व्यवस्था को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की तैयारी की है। पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि चयनित उचित दर दुकानों के माध्यम से मक्का का भी वितरण होगा।

अंत्योदय कार्डधारकों को मिलेगा 35 किलो खाद्यान्न: योजना के तहत अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 21 किलोग्राम गेहूं और 14 किलोग्राम चावल, यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को उनकी संबद्ध उचित दर दुकान से प्रत्येक यूनिट पर तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल, कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा। वितरण निर्धारित प्रक्रिया और ई-पॉस मशीन के माध्यम से कराया जाएगा।

16 उचित दर दुकानों पर 32.861 मीट्रिक टन मक्का का वितरण: जिलाधिकारी के अनुमोदन के क्रम में जिले के चयनित 16 उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से कुल 32.861 मीट्रिक टन मक्का का वितरण कराया जाएगा। इन दुकानों पर पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रथम आओ, प्रथम पाओ के आधार पर प्रति लाभार्थी कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें दो किलोग्राम गेहूं, दो किलोग्राम चावल और एक किलोग्राम मक्का शामिल रहेगा।

गढ़ से लेकर धौलाना और सिंभावली तक चयनित दुकानें: मक्का वितरण के लिए गढ़ ब्लॉक में मैसर्स इरफान अली, अनुपुर डिबाई तथा मैसर्स राधा कृष्ण स्वयं सहायता समूह, सिकरपुर को जिम्मेदारी दी गई है। धौलाना ब्लॉक में मैसर्स हंसराज, ग्राम कृपानगर उर्फ बीधेपुर, मोनिका बंसल, ग्राम दहीरपुर रज्जाकपुर, जितेंद्र, ग्राम नगला उदयरामपुर, मंजूदेवी, ग्राम नगला काशी, नेमपाल, ग्राम नंदपुर और कल्पना देवी, ग्राम सपनावत को चयनित किया गया है।

सिंभावली, हापुड़ और नगर क्षेत्रों में भी व्यवस्था: सिंभावली ब्लॉक में विनोद त्यागी, ग्राम भोवापुर मस्ताननगर तथा ईशा स्वयं सहायता समूह, ग्राम सैना के माध्यम से मक्का वितरित किया जाएगा। हापुड़ ब्लॉक में बिजेंद्र सिंह, ग्राम नूरपुर तथा कोहिनूर स्वयं सहायता समूह, ग्राम सलाई को जिम्मेदारी दी गई है। नगर क्षेत्र में गढ़मुक्तेश्वर से नवीन कुमार आर्य, पिलखुवा से मैसर्स सीसीएस चतुर्थ, बाबूगढ़ से प्रियंका तथा हापुड़ नगर से यादवेन्द्र शर्मा के माध्यम से मक्का वितरण कराया जाएगा।

शेष 377 दुकानों पर प्रति यूनिट पांच किलो राशन: चयनित दुकानों के अतिरिक्त जिले की शेष 377 उचित दर दुकानों से संबद्ध पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रत्येक यूनिट पर तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल, कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने वितरण व्यवस्था को ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीन से संचालित करने के साथ ही नामित नोडल अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पोर्टेबिलिटी से भी राशन लेने की सुविधा: राशनकार्ड धारकों को पोर्टेबिलिटी के अंतर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। हालांकि यह सुविधा संबंधित उचित दर विक्रेता की दुकान पर खाद्यान्न के उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक ही अनुमन्य होगी। इससे ऐसे लाभार्थियों को भी सुविधा मिलेगी जो अपनी संबद्ध दुकान के बजाय उपलब्धता के आधार पर अन्य उचित दर दुकान से खाद्यान्न प्राप्त करना चाहते हैं।

25 अक्टूबर को ओटीपी से भी मिल सकेगा खाद्यान्न: वितरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि पर ऐसे उपभोक्ता, जो आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त नहीं कर सकेंगे, उन्हें मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के माध्यम से खाद्यान्न वितरित किए जाने की व्यवस्था रहेगी। जिला पूर्ति विभाग ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी उचित दर दुकान से निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर लें।

जिला पूर्ति विभाग की ओर से जारी व्यवस्था का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। विभागीय स्तर पर वितरण प्रक्रिया की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि निर्धारित मात्रा, पात्रता और ई-पॉस आधारित वितरण व्यवस्था का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराया जा सके।