राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
बाबूगढ़ में किसानों का ‘किसान प्रश्न मंच’, DD किसान की टीम ने खेती-किसानी पर किया सीधा संवाद
गन्ने के साथ अंतःफसली खेती और PM किसान सम्मान निधि पर हुई खुली चर्चा
हापुड़। जनपद हापुड़ के किसानों के लिए बाबूगढ़ स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित ‘किसान प्रश्न मंच’ कार्यक्रम में खेती-किसानी से जुड़े अहम मुद्दों पर सीधा संवाद हुआ।
डीडी किसान, प्रसार भारती दिल्ली की टीम ने किसानों के बीच पहुंचकर उनकी खेती, आय बढ़ाने और सरकारी योजनाओं से जुड़े सवालों पर चर्चा की।कार्यक्रम में विशेष रूप से गन्ने के साथ अंतःफसली खेती से होने वाले लाभ, किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने की संभावनाओं तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से मिल रहे लाभों को लेकर प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।
किसानों ने खेती से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की और विशेषज्ञों से सवाल भी किए।कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अरविंद, उप कृषि निदेशक योगेंद्र कुमार तथा जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने इन योजनाओं और तकनीकों से किसानों को मिल रहे संभावित लाभों पर विस्तार से चर्चा की।सवालों की बौछार, सही जवाब पर किसानों का सम्मान कार्यक्रम में डीडी किसान की टीम की ओर से श्री हैदर जैदी ने किसानों से खेती और सरकारी योजनाओं से संबंधित सवाल पूछे। सही उत्तर देने वाले किसानों को ‘किसान प्रश्न मंच कप’ देकर सम्मानित किया गया।
इससे कार्यक्रम में किसानों का उत्साह भी देखने को मिला।टीवी स्क्रीन तक पहुंचेगी हापुड़ के किसानों की आवाज कार्यक्रम की खास बात यह रही कि बाबूगढ़ में किसानों के साथ हुआ यह संवाद डीडी किसान चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। इसके जरिए हापुड़ के किसानों की खेती, अनुभव और सरकारी योजनाओं से जुड़े संवाद को व्यापक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।डीडी किसान चैनल का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही उन्नत कृषि, नई तकनीकों और किसान हित से जुड़ी जानकारियों को किसानों तक पहुंचाना है।
बाबूगढ़ में आयोजित यह कार्यक्रम भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया, जहां विशेषज्ञों और किसानों के बीच सीधे संवाद के जरिए खेती से जुड़े विषयों पर जानकारी का आदान-प्रदान हुआ।
