राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
निपुण भारत मिशन को मिलेगी नई गति, पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण का समापन
गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों की भाषा और गणितीय दक्षता होगी मजबूत, शिक्षकों ने विद्यालयों में लागू करने का लिया संकल्पधौलाना। प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को बुनियादी भाषा एवं गणितीय कौशल में दक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों और शिक्षामित्रों ने विद्यालयों में नवाचार पूर्ण शिक्षण तकनीकों को अपनाकर बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।यह प्रशिक्षण श्री रामेश्वर कॉलेज ऑफ फार्मेसी, कंदौला में आयोजित किया गया, जिसमें प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षामित्रों के चौथे बैच ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक स्तर पर भाषा और गणित की मजबूत नींव तैयार करना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना रहा।
प्रशिक्षकों नरेश कुमार, पंकज कुमार, दुष्यंत कुमार, सीमा रानी और एकता बाथल ने प्रतिभागियों को गतिविधि आधारित शिक्षण, बाल-केंद्रित शिक्षा, सीखने के स्तर के अनुसार अध्यापन और कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को कई व्यावहारिक गतिविधियों और नवाचारों से भी अवगत कराया गया, जिनका उपयोग सीधे कक्षाओं में किया जा सकेगा।प्रशिक्षकों ने कहा कि निपुण भारत मिशन का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान से सशक्त बनाना है।
इसके लिए आवश्यक है कि शिक्षक प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को रोचक और सहज बनाकर ही बेहतर शैक्षिक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों और शिक्षामित्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से उन्हें नई शिक्षण विधियों की जानकारी मिली है, जो बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाने में मददगार साबित होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन तकनीकों के माध्यम से निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प भी दिलाया गया।हॉटलाइन (इंट्रो)”बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए निपुण भारत मिशन के तहत आयोजित पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण में शिक्षकों को ऐसी आधुनिक और गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों से अवगत कराया गया, जो बच्चों की भाषा और गणितीय समझ को नई मजबूती प्रदान करेंगी।”
