राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
कंदौला गेट के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद कार के खुले सभी एयरबैग; नशे में वाहन चलाने का राहगीरों ने लगाया आरोप
हापुड़/धौलाना। पिलखुवा-धौलाना मार्ग पर गुरुवार सुबह कंदौला गेट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार मां-बेटे को मामूली चोटें आईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके सभी एयरबैग खुल गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार दादरी निवासी दीपांशु गर्ग अपनी मां मीनू गर्ग के साथ कार से हापुड़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कंदौला गेट के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंचे और कार सवार मां-बेटे को बाहर निकाला।
हादसे के बाद राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया। हालांकि चालक के नशे में होने की पुष्टि पुलिस की जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।हादसे के दौरान एक स्थान पर स्कूल के छात्र भी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।सीओ मुनीश चंद ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी का बयान धौलाना थाना प्रभारी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि कंदौला गेट के पास ट्रक और कार की टक्कर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कार सवार मां-बेटे को मामूली चोटें आई हैं। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर घटना की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
